Ballia: मिशन शक्ति 5.0 के तहत स्कूटी रैली का आयोजन
बलिया। महिलाओं को सशक्त और जागरूक बनाने के उद्देश्य से रविवार को कलेक्ट्रेट मुख्य द्वार से मिशन शक्ति फेस 5.0 के अंतर्गत एक भव्य स्कूटी रैली निकाली गई। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
इस अवसर पर महिला आरक्षियों, शिक्षिकाओं, महिला चिकित्सकों एवं विभिन्न महिला समितियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। स्कूटी और बाइक सवार महिलाएं कलेक्ट्रेट गेट से रवाना होकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरीं। रैली का मार्ग अस्पताल तिराहा, धर्मशाला चौराहा, कासिम बाजार, शहीद चौक, हनुमान मंदिर, मालगोदाम, रेलवे स्टेशन तिराहा होते हुए पुनः कलेक्ट्रेट मुख्य द्वार तक रहा। जगह-जगह लोगों ने रैली का स्वागत किया और महिलाओं को उत्साहपूर्वक प्रोत्साहित किया।
रैली का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा। मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत प्रशासनिक स्तर पर लगातार ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनसे समाज में महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा का संदेश आम लोगों तक पहुंच सके। जिलाधिकारी ने कहा कि इस अभियान से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे समाज में अपनी भूमिका और मजबूत तरीके से निभा सकेंगी।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार गुप्ता, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम शर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक कृपा शंकर, मुख्य चिकित्साधिकारी समेत पुलिस एवं प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने भी रैली को सफल बनाने में सहयोग किया और महिलाओं को सुरक्षा एवं अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
रैली के माध्यम से यह स्पष्ट हुआ कि प्रशासन और समाज दोनों मिलकर महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में गंभीर प्रयास कर रहे हैं। मिशन शक्ति 5.0 का यह कार्यक्रम महिला जागरूकता की ओर एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
❤️ Support Independent Journalism
बड़े मीडिया संस्थान अपने ख़र्चों के लिए विज्ञापनों और बड़े बजट पर निर्भर रहते हैं। लेकिन Ballia Post एक ग्राउंड-लेवल प्लेटफ़ॉर्म है — जहाँ हम स्थानीय खबरें बिना किसी पक्षपात के पहुँचाने में विश्वास रखते हैं। आपका छोटा सहयोग हमें स्वतंत्र और निष्पक्ष बने रहने की ताकत देता है।
UPI ID: 9839715373@okbizaxis
आपका प्रत्येक सहयोग हमें और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।
