बलिया में आकाशीय बिजली का कहर: पेड़ के नीचे खड़े चार युवकों पर गिरी बिजली, दो की मौत
साप्ताहिक बाजार में मची अफरा-तफरी, दो युवक गंभीर रूप से झुलसे; पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
बलिया। भीमपुरा थाना क्षेत्र के कसेसर-कसौंडर नहर मार्ग पर सोमवार दोपहर तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। बिजली की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया गया कि कसेसर में सोमवार को साप्ताहिक बाजार लगता है। नहर मार्ग के आसपास बड़ी संख्या में दुकानें सजती हैं और बाजार में लोगों की भीड़ रहती है। सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए कुछ लोग पास के एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए।
इसी दौरान तेज गरज के साथ आकाशीय बिजली सीधे पेड़ पर जा गिरी। इसकी चपेट में पेड़ के नीचे खड़े चार युवक आ गए। तेज धमाके के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में कसौंडर निवासी 30 वर्षीय रंजीत कुमार और सिकंदरापुर निवासी 28 वर्षीय अनुराग कुमार उर्फ गोलू की मौत हो गई। वहीं 29 वर्षीय छोटू कुमार समेत एक अन्य अज्ञात युवक गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
सूचना मिलते ही भीमपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। थानाध्यक्ष रंजीत विश्वकर्मा ने बताया कि तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दो युवकों की मौत हुई है, जबकि दो अन्य झुलसे हैं। दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस घटना की आवश्यक कार्रवाई में जुटी है। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा है।
❤️ Support Independent Journalism
बड़े मीडिया संस्थान अपने ख़र्चों के लिए विज्ञापनों और बड़े बजट पर निर्भर रहते हैं। लेकिन Ballia Post एक ग्राउंड-लेवल प्लेटफ़ॉर्म है — जहाँ हम स्थानीय खबरें बिना किसी पक्षपात के पहुँचाने में विश्वास रखते हैं। आपका छोटा सहयोग हमें स्वतंत्र और निष्पक्ष बने रहने की ताकत देता है।
UPI ID: 9839715373@okbizaxis
आपका प्रत्येक सहयोग हमें और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।
