प्रयागराज में मीडियाकर्मी की चाकू से गोदकर हत्या; आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी तीन गोली, बलिया के रहने वाले थे मीडियाकर्मी
प्रयागराज। प्रयागराज में गुरुवार रात करीब 10.30 बजे एक निजी चैनल से जुड़े मीडियाकर्मी एलएन सिंह उर्फ पप्पू की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। हमलावरों ने उन पर 25 से अधिक बार चाकू से वार किए, जिससे वह बुरी तरह लहूलुहान हो गए। उन्हें तत्काल एसआरएन अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। यह वारदात सिविल लाइंस में धरनास्थल पुलिस चौकी के पास स्थित हर्ष होटल के सामने हुई।
एलएन सिंह उर्फ पप्पू मूल रूप से बलिया के रहने वाले थे और प्रयागराज के धूमनगंज में रह रहे थे। वह इन दिनों धरनास्थल के पास फल की दुकान भी लगवाते थे।
विवाद के बाद हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुरुवार रात करीब 10:30 बजे सिविल लाइंस में जीएचएस रोड के पास साहिल नाम के युवक से एलएन सिंह का विवाद हो गया। इसके बाद साहिल के दोस्त विशाल समेत अन्य ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना भीषण था कि एलएन सिंह के शरीर पर करीब 25 वार किए गए और उनकी आंतें बाहर आ गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई। मृतक एलएन सिंह हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अशोक सिंह के भतीजे थे।
दो घंटे में आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार
घटना की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल सीपी लॉ एंड ऑर्डर डॉ. अजयपाल शर्मा के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने महज दो घंटे के भीतर ही आरोपी विशाल को धूमनगंज थाना क्षेत्र में नेहरू पार्क के पास घेर लिया।
पुलिस को देखते ही आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली विशाल के पैर में लगी, जिससे वह जख्मी हो गया और गिरफ्तार कर लिया गया। उसे इलाज के लिए एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एडिशनल सीपी लॉ एंड ऑर्डर डॉ. अजयपाल शर्मा ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के बाद घटना में शामिल अन्य लोगों और हत्या के पीछे की सही वजह का पता लगाया जाएगा। बताया गया है कि आरोपियों और एलएन सिंह के बीच पिछले दिनों किसी बात को लेकर रंजिश चल रही थी।
❤️ Support Independent Journalism
बड़े मीडिया संस्थान अपने ख़र्चों के लिए विज्ञापनों और बड़े बजट पर निर्भर रहते हैं। लेकिन Ballia Post एक ग्राउंड-लेवल प्लेटफ़ॉर्म है — जहाँ हम स्थानीय खबरें बिना किसी पक्षपात के पहुँचाने में विश्वास रखते हैं। आपका छोटा सहयोग हमें स्वतंत्र और निष्पक्ष बने रहने की ताकत देता है।
UPI ID: 9839715373@okbizaxis
आपका प्रत्येक सहयोग हमें और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।
