दादर महाविद्यालय में राष्ट्रीय संगोष्ठी, ग्रामीण उच्च शिक्षा को सशक्त बनाने पर हुआ मंथन
सिकंदरपुर (बलिया)। ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और स्थानीय रोजगारपरक अवसरों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से श्री बजरंग स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दादर आश्रम में भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICSSR), नई दिल्ली द्वारा प्रायोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन 16 एवं 17 अक्टूबर को किया गया। ‘पूर्वी उत्तर प्रदेश में उच्च शिक्षा के प्रति विश्वास, आत्मसम्मान एवं स्थानीय अवसरों का सशक्तीकरण’ विषयक संगोष्ठी में लगभग 300 प्रतिभागियों ने सहभागिता की।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. उदय पासवान की अध्यक्षता में आयोजित संगोष्ठी में देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों के शिक्षाविदों, प्राध्यापकों और शोधार्थियों के साथ अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों ने भी प्रत्यक्ष एवं ऑनलाइन माध्यम से विचार साझा किए। उद्घाटन सत्र में प्रो. अवनीश चंद्र पाण्डेय मुख्य अतिथि, डॉ. लक्ष्मीकांत प्रेम प्रकाश विशिष्ट अतिथि तथा प्रो. पी. के. स्टालिन मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए।
दो दिनों में आयोजित चार तकनीकी सत्रों में ग्रामीण उच्च शिक्षा की चुनौतियों, शिक्षण की गुणवत्ता, शोध एवं नवाचार, शैक्षणिक संसाधनों तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर चर्चा हुई। पेरू के प्रो. विक्टर बाबू कोपुला और स्पेन के प्रो. डॉ. फ्लावियो डी. साओ पेट्रो फिल्हो सहित कई विशेषज्ञों ने ऑनलाइन व्याख्यान दिए।
वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उचित मार्गदर्शन और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है। शिक्षा को क्षेत्रीय जरूरतों से जोड़कर ग्रामीण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है।
समापन सत्र में मुख्य अतिथि डॉ. आरिफ मोहम्मद एवं प्राचार्य प्रो. उदय पासवान ने प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए तथा उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के लिए चयनित प्रतिभागियों को सम्मानित किया।
संगोष्ठी के संयोजक डॉ. विनीत तिवारी एवं सह-संयोजक डॉ. अनिल कुमार रहे। इसकी जानकारी महाविद्यालय के जनसूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी डॉ. एस. एन. मिश्र ने दी।
❤️ Support Independent Journalism
बड़े मीडिया संस्थान अपने ख़र्चों के लिए विज्ञापनों और बड़े बजट पर निर्भर रहते हैं। लेकिन Ballia Post एक ग्राउंड-लेवल प्लेटफ़ॉर्म है — जहाँ हम स्थानीय खबरें बिना किसी पक्षपात के पहुँचाने में विश्वास रखते हैं। आपका छोटा सहयोग हमें स्वतंत्र और निष्पक्ष बने रहने की ताकत देता है।
UPI ID: 9839715373@okbizaxis
आपका प्रत्येक सहयोग हमें और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।

