दर्दनाक हादसा: पेड़ से टकराई तेज रफ्तार कार, एक ही गांव के चार युवकों की मौत; गांव में पसरा मातम
बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के नगरा-बेल्थरारोड मार्ग पर निछुआडीह के समीप शनिवार की रात हुए भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। चारों युवक एक ही गांव गौवापार के निवासी थे। हादसे की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया और मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। एक साथ चार नौजवानों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, गौवापार गांव निवासी अभिषेक पटेल (19) पुत्र प्रमोद पटेल, कुणाल पासवान (22) पुत्र रविन्द्र पासवान, गोलू ठाकुर (21) पुत्र कमलेश तथा धनंजय (22) पुत्र प्रकाश पटेल शनिवार को एक ही कार से किसी काम के सिलसिले में नगरा आए थे। रात करीब नौ बजे चारों युवक कार से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान नगरा-बेल्थरारोड मार्ग पर निछुआडीह के समीप दैत्यराज बाबा के सामने तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे ताड़ के पेड़ से टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने अभिषेक पटेल और कुणाल पासवान को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल गोलू ठाकुर और धनंजय को बेहतर उपचार के लिए रेफर कर दिया गया।
परिजन दोनों घायलों को उपचार के लिए मऊ स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान दोनों ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह एक ही गांव के चार युवकों की हादसे में मौत हो गई। चारों के शव पोस्टमार्टम के लिए मऊ की मोर्चरी में रखे गए हैं।
एक साथ चार युवकों की मौत की खबर से गौवापार गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। मृतकों के घरों में चीख-पुकार मची है। परिजनों के करुण क्रंदन से हर किसी की आंखें नम हो जा रही हैं। इस हृदयविदारक हादसे ने चार परिवारों को उजाड़ने के साथ ही पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है।
❤️ Support Independent Journalism
बड़े मीडिया संस्थान अपने ख़र्चों के लिए विज्ञापनों और बड़े बजट पर निर्भर रहते हैं। लेकिन Ballia Post एक ग्राउंड-लेवल प्लेटफ़ॉर्म है — जहाँ हम स्थानीय खबरें बिना किसी पक्षपात के पहुँचाने में विश्वास रखते हैं। आपका छोटा सहयोग हमें स्वतंत्र और निष्पक्ष बने रहने की ताकत देता है।
UPI ID: 9839715373@okbizaxis
आपका प्रत्येक सहयोग हमें और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।
