ससुराल पहुंच दामाद ने पत्नी सास और ससुर पर किया हमला, पत्नी व सास की मौत, ससुर गंभीर
बलिया। बछईपुर गांव के छोटका पूरा में शनिवार की देर रात एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। कलयुगी दामाद ने ससुराल पहुंचकर अपनी पत्नी, सास और ससुर पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में पत्नी और सास की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ससुर की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, बछईपुर गांव के छोटका पूरा निवासी 56 वर्षीय अंतू गुप्ता अपने परिवार के साथ खाना खाकर सो गए थे। देर रात गड़वार थाना क्षेत्र के सिंहाचवर निवासी उनका दामाद अमित गुप्ता अचानक घर पहुंचा। किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया, जिसके बाद अमित ने ससुर अंतू गुप्ता, सास 52 वर्षीय सुशीला देवी और अपनी पत्नी 25 वर्षीय प्रीति गुप्ता का चाकू से गला काट दिया।घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी। घायलों को एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बछईपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सुशीला देवी और प्रीति गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल अंतू गुप्ता को पहले सदर अस्पताल और फिर वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।सूचना मिलते ही रसड़ा सीओ आलोक गुप्ता के नेतृत्व में नगरा, भीमपुरा, फेफना और गड़वार थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। बताया जाता है कि आरोपी अमित गुप्ता पहले भी अपनी पत्नी की हत्या की कोशिश कर चुका था, जिसके बाद परिजन उसे मायके ले आए थे।पुलिस ने आरोपी के भाई, बहन और जीजा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है और लोग इस निर्मम वारदात से स्तब्ध हैं।
❤️ Support Independent Journalism
बड़े मीडिया संस्थान अपने ख़र्चों के लिए विज्ञापनों और बड़े बजट पर निर्भर रहते हैं। लेकिन Ballia Post एक ग्राउंड-लेवल प्लेटफ़ॉर्म है — जहाँ हम स्थानीय खबरें बिना किसी पक्षपात के पहुँचाने में विश्वास रखते हैं। आपका छोटा सहयोग हमें स्वतंत्र और निष्पक्ष बने रहने की ताकत देता है।
UPI ID: 9839715373@okbizaxis
आपका प्रत्येक सहयोग हमें और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।
