पुलिस पिटाई के आरोप में युवक की मौत, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम; छह के खिलाफ मुकदमा
बलिया। रेवती थाना क्षेत्र के गायघाट गांव निवासी कामजी गोंड़ (42) की मौत के बाद रविवार को परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। शनिवार देर रात पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही लोगों ने रविवार सुबह रेवती-बलिया मुख्य मार्ग पर गायघाट के पास चक्काजाम कर दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस की बेरहमी से पिटाई के कारण कामजी की मौत हुई है।
चक्काजाम की सूचना पर एएसपी दक्षिणी संजय वर्मा, एसडीएम बांसडीह अभिषेक प्रियदर्शी, सीओ बैरिया आलोक कुमार गुप्ता, सीओ मंजरी राव सहित पांच थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने परिजनों से वार्ता कर कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद दोपहर करीब 2:30 बजे जाम समाप्त हुआ और परिजन शव का अंतिम संस्कार करने के लिए रवाना हुए।
मामले में मृतक के पुत्र विशाल की तहरीर पर ग्राम प्रधान, एक उपनिरीक्षक, एक सिपाही समेत छह लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।
परिजनों के अनुसार, 7 जुलाई को खेदन चौराहे पर विशाल और सूरज कनौजिया के बीच विवाद और मारपीट हुई थी। इसके बाद सूरज ने रेवती थाने में तहरीर दी। आरोप है कि विशाल के थाने न पहुंचने पर 8 जुलाई की दोपहर पुलिस उसके घर पहुंची और उसे न मिलने पर उसके पिता कामजी गोंड़ को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
परिजनों का आरोप है कि थाने में कामजी की बुरी तरह पिटाई की गई। बाद में उन्हें गंभीर हालत में छोड़ दिया गया। परिवार उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेवती, फिर जिला अस्पताल और वहां से वाराणसी ले गया, जहां शुक्रवार देर रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक की पत्नी कलावती देवी ने आरोप लगाया कि पुलिस जब कामजी को घर से ले जा रही थी, तब उन्होंने काफी विनती की थी, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। उनका कहना है कि बाद में पुलिस कामजी को गंभीर हालत में ठगनी माई के मठिया के पास छोड़कर चली गई। घर लाने पर उनकी बांह सूजी हुई थी और वह ठीक से बोल भी नहीं पा रहे थे। परिजनों के मुताबिक उन्होंने केवल इतना कहा कि पुलिस ने उन्हें पीटा है।
मृतक की भांजी लक्ष्मी ने भी पुलिस पर मारपीट और शव को अपने कब्जे में लेने का प्रयास करने का आरोप लगाया। परिवार ने दोषी पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी और आर्थिक सहायता की मांग की है।
वहीं, विशाल की तहरीर में आरोप लगाया गया है कि ग्राम प्रधान उनके चालक तथा अन्य लोगों के दबाव में पुलिस ने कामजी को थाने ले जाकर मारपीट की। तहरीर में यह भी आरोप है कि उन्हें ईंट-भट्ठे पर ले जाकर भी पीटा गया।
फिलहाल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
❤️ Support Independent Journalism
बड़े मीडिया संस्थान अपने ख़र्चों के लिए विज्ञापनों और बड़े बजट पर निर्भर रहते हैं। लेकिन Ballia Post एक ग्राउंड-लेवल प्लेटफ़ॉर्म है — जहाँ हम स्थानीय खबरें बिना किसी पक्षपात के पहुँचाने में विश्वास रखते हैं। आपका छोटा सहयोग हमें स्वतंत्र और निष्पक्ष बने रहने की ताकत देता है।
UPI ID: 9839715373@okbizaxis
आपका प्रत्येक सहयोग हमें और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।
