मनियर पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के चार आरोपीयों को किया गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त डंडे बरामद
सिकन्दरपुर, बलिया। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मनियर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। गैर इरादतन हत्या के मामले में वांछित चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त तीन डंडे भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 27 सितंबर को मनियर थाना क्षेत्र के उत्तर टोला वार्ड नं. 14 में आपसी कहासुनी के बाद लाठी-डंडे से हमले में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था। इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाते समय डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में थाना मनियर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी।
रविवार की सुबह मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बस स्टैंड मनियर के पास से आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में लल्लन गुप्ता (55 वर्ष), उनकी पत्नी मंजू देवी (50 वर्ष), पुत्र मनीष कुमार (19 वर्ष) और रजनीश कुमार (18 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी उत्तर टोला वार्ड नं. 14 कस्बा मनियर के रहने वाले हैं।
गिरफ्तारी की कार्रवाई उपनिरीक्षक विजय कुमार शुक्ला, आरक्षी आलोक कुमार, आरक्षी मुकेश कुमार और महिला आरक्षी शिखा मिश्रा की टीम ने की। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर सभी आरोपियों को न्यायालय भेज दिया है।