वरासत में लापरवाही पर कानूनगो व लेखपाल को निलंबित करने के दिए आदेश
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 167 शिकायतें आईं, 12 का मौके पर हुआ निस्तारणडी
एम–एसपी की सख्ती, समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण
वरासत में लापरवाही पर कानूनगो व लेखपाल को निलंबित करने के दिए आदेश
सिकन्दरपुर, बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील सिकंदरपुर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान उन्होंने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के सख्त निर्देश संबंधित विभागों को दिए। सम्पूर्ण समाधान दिवस में एक शिकायतकर्ता द्वारा जिलाधिकारी को अवगत कराया गया कि वरासत के लिए माह नवंबर 2025 में आवेदन किया गया था, लेकिन दो माह बीत जाने के बावजूद अब तक वरासत नहीं की गई। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई और जांच में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कानूनगो श्री रामपूजन राम एवं लेखपाल श्री संतोष पासवान को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वरासत से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। समाधान दिवस के दौरान राशन कार्ड, वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन, अवैध कब्जा, वरासत, बैनामा एवं भूमि विवाद से संबंधित बड़ी संख्या में शिकायतें प्राप्त हुईं। इस अवसर पर कुल 167 आवेदन पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 12 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को अग्रसारित किया गया।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए और समस्याओं का समाधान तय समयसीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से राजस्व से जुड़े मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जाकर समस्याओं का त्वरित निस्तारण कराने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों पर संबंधित थानों के प्रभारी निरीक्षकों को निर्देशित किया कि सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण किया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कार्य में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सिकंदरपुर सुनील कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
❤️ Support Independent Journalism
बड़े मीडिया संस्थान अपने ख़र्चों के लिए विज्ञापनों और बड़े बजट पर निर्भर रहते हैं। लेकिन Ballia Post एक ग्राउंड-लेवल प्लेटफ़ॉर्म है — जहाँ हम स्थानीय खबरें बिना किसी पक्षपात के पहुँचाने में विश्वास रखते हैं। आपका छोटा सहयोग हमें स्वतंत्र और निष्पक्ष बने रहने की ताकत देता है।
UPI ID: 9839715373@okbizaxis
आपका प्रत्येक सहयोग हमें और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।



