कटान मुद्दे पर विधायक का सरकार पर आरोप, 15 मई को तहसील घेराव की चेतावनी
सिकंदरपुर (बलिया)। क्षेत्रीय विधायक मोहम्मद जियाउद्दीन रिज़वी ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रदेश में विकास कार्यों में पक्षपात किया जा रहा है। शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने कहा कि सरकार में वास्तविक विकास कार्य न के बराबर हो रहे हैं, और जहां कुछ काम हो भी रहा है, वहां भी भेदभाव की शिकायतें सामने आ रही हैं।
विधायक ने आरोप लगाया कि जिले में कटान रोकने के लिए कुछ परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं, लेकिन सिकंदरपुर विधानसभा क्षेत्र को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया है, जबकि यह क्षेत्र कटान से सबसे अधिक प्रभावित है। उन्होंने बताया कि सिसोटार, गोसाईपुर, जिन्दापुर, खरीद, पुरुषोत्तम पट्टी, निपनिया, सोनुपार और बहदुरा जैसे गांव पिछले कई वर्षों से घाघरा नदी के कटान की मार झेल रहे हैं। इन गांवों की हजारों एकड़ जमीन नदी में समाहित हो चुकी है।
रिज़वी ने कहा कि वह इस मुद्दे को लगातार उठाते रहे हैं। उन्होंने सदन में कई बार मामला उठाया, प्रमुख सचिव और सिंचाई मंत्री से मुलाकात कर प्रस्ताव दिए, यहां तक कि मुख्यमंत्री को भी कई पत्र लिखे, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने सरकार पर संवेदनहीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि यह सरकार केवल पूंजीपतियों के हित में काम कर रही है, जबकि किसानों और गरीबों की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। बाढ़ विभाग द्वारा कटान और बाढ़ रोकने के लिए कई प्रस्ताव शासन को भेजे जाने के बावजूद कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।
विधायक ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही कटान रोकने की परियोजना को स्वीकृति नहीं दी गई, तो वे 15 मई को कटान पीड़ितों और अपने कार्यकर्ताओं के साथ सिकंदरपुर तहसील का घेराव करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
❤️ Support Independent Journalism
बड़े मीडिया संस्थान अपने ख़र्चों के लिए विज्ञापनों और बड़े बजट पर निर्भर रहते हैं। लेकिन Ballia Post एक ग्राउंड-लेवल प्लेटफ़ॉर्म है — जहाँ हम स्थानीय खबरें बिना किसी पक्षपात के पहुँचाने में विश्वास रखते हैं। आपका छोटा सहयोग हमें स्वतंत्र और निष्पक्ष बने रहने की ताकत देता है।
UPI ID: 9839715373@okbizaxis
आपका प्रत्येक सहयोग हमें और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।
