गोसाईपुर में सपा जिलाध्यक्ष सुनील मौर्य का भव्य स्वागत, 2027 में जीत का लक्ष्य लेकर जुटने की अपील
विधायक जियाउद्दीन रिजवी बोले- सुनील मौर्य के नेतृत्व में जिले की सातों सीटों पर जीत हासिल करेगी सपा
सिकंदरपुर (बलिया)। सिकंदरपुर विधानसभा क्षेत्र के गोसाईपुर गांव में रविवार को समाजवादी पार्टी के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सुनील कुमार मौर्य का कुशवाहा समाज की ओर से स्वागत एवं सम्मान किया गया। समारोह में आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक चर्चा हुई। वक्ताओं ने समाजवादी पार्टी को मजबूत बनाने और पार्टी प्रत्याशी को जिताने की अपील की।
समारोह को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष सुनील कुमार मौर्य ने कहा कि अपने स्वजातीय लोगों से मिले सम्मान और स्नेह से वह अभिभूत हैं। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पीडीए समाज के एक साधारण कार्यकर्ता को जिले की कमान सौंपकर पूरे समाज का मान बढ़ाया है। अब कुशवाहा समाज की जिम्मेदारी है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में सिकंदरपुर से सपा प्रत्याशी रिजवी साहब को जिताकर राष्ट्रीय अध्यक्ष के विश्वास को कायम रखे।
उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि समाज के लोगों को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहना होगा। यदि समाज थोड़ा भी विचलित हुआ तो आने वाली पीढ़ियों के हक और अधिकार प्रभावित होंगे। उन्होंने एकजुट होकर समाजवादी पार्टी को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
सुनील मौर्य के नेतृत्व में सातों सीटें जीतने का दावा
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए सिकंदरपुर विधायक मोहम्मद जियाउद्दीन रिजवी ने कहा कि सुनील कुमार मौर्य के जिलाध्यक्ष बनने से पार्टी को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने दावा किया कि उनके नेतृत्व में समाजवादी पार्टी जिले की सातों विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करेगी। विधायक ने सुनील कुमार मौर्य का सिकंदरपुर विधानसभा क्षेत्र में स्वागत करते हुए कुशवाहा समाज को भरोसा दिलाया कि उनके सम्मान पर कोई आंच नहीं आने दी जाएगी।
इनकी रही मौजूदगी
समारोह में परशुराम वर्मा, राजकुमार वर्मा, श्रीभगवान वर्मा, आत्मा वर्मा, सुभाष वर्मा, मनीष वर्मा, सोनू वर्मा, भरत वर्मा, रामेश्वर वर्मा और राधेश्याम वर्मा सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे। सभी ने नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सुनील कुमार मौर्य एवं विधायक मोहम्मद जियाउद्दीन रिजवी का स्वागत और सम्मान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नंदजी वर्मा ने की, जबकि संचालन वीरबहादुर वर्मा ने किया।
❤️ Support Independent Journalism
बड़े मीडिया संस्थान अपने ख़र्चों के लिए विज्ञापनों और बड़े बजट पर निर्भर रहते हैं। लेकिन Ballia Post एक ग्राउंड-लेवल प्लेटफ़ॉर्म है — जहाँ हम स्थानीय खबरें बिना किसी पक्षपात के पहुँचाने में विश्वास रखते हैं। आपका छोटा सहयोग हमें स्वतंत्र और निष्पक्ष बने रहने की ताकत देता है।
UPI ID: 9839715373@okbizaxis
आपका प्रत्येक सहयोग हमें और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।

