बलिया: 5 हजार घूस लेते राजस्व निरीक्षक रंगे हाथों गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम की बड़ी कार्रवाई
जमीन पैमाइश के एवज में मांगी थी रिश्वत; सोनवानी गांव के पीड़ित की शिकायत पर बिछाया गया था जाल
बलिया (ब्यूरो)। जनपद के तहसील सदर में बुधवार को भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) की आजमगढ़ इकाई ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने जमीन नापने (पैमाइश) के एवज में ₹5,000 की रिश्वत लेते हुए राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से तहसील परिसर में हड़कंप मच गया।
पैमाइश के नाम पर मांगी थी घूस
मिली जानकारी के अनुसार, हल्दी थाना क्षेत्र के ग्राम व पोस्ट सोनवानी निवासी अशोक कुमार सिंह (पुत्र स्व. सीताराम सिंह) ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की थी। पीड़ित का आरोप था कि सदर तहसील में तैनात राजस्व निरीक्षक रामप्रताप राम उनकी भूमि की पैमाइश करने के बदले ₹5,000 की रिश्वत की मांग कर रहे हैं। पीड़ित रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने मामले की लिखित शिकायत एंटी करप्शन टीम से की।
कमरा नंबर 22 में बिछाया जाल
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। बुधवार को जैसे ही पीड़ित ने तहसील सदर के प्रथम तल पर स्थित कमरा नंबर 22 (राजस्व निरीक्षक कक्ष) में आरोपी रामप्रताप राम को केमिकल लगे नोट थमाए, वैसे ही पहले से तैयार बैठी एंटी करप्शन की टीम ने दबिश दे दी। टीम ने आरोपी को रिश्वत की राशि ₹5,000 के साथ रंगे हाथों दबोच लिया।
कानूनी कार्रवाई शुरू
गिरफ्तार आरोपी राजस्व निरीक्षक रामप्रताप राम, मूल रूप से बैरिया थाना क्षेत्र के ग्राम व पोस्ट दयाछपरा का निवासी है (पुत्र स्व. दिलचन्द्र राम)। एंटी करप्शन टीम आरोपी को हिरासत में लेकर थाने आई, जहाँ रिश्वत के नोटों की बरामदगी दिखाते हुए आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत विधिक कार्यवाही की जा रही है।
❤️ Support Independent Journalism
बड़े मीडिया संस्थान अपने ख़र्चों के लिए विज्ञापनों और बड़े बजट पर निर्भर रहते हैं। लेकिन Ballia Post एक ग्राउंड-लेवल प्लेटफ़ॉर्म है — जहाँ हम स्थानीय खबरें बिना किसी पक्षपात के पहुँचाने में विश्वास रखते हैं। आपका छोटा सहयोग हमें स्वतंत्र और निष्पक्ष बने रहने की ताकत देता है।
UPI ID: 9839715373@okbizaxis
आपका प्रत्येक सहयोग हमें और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।
