बलिया: पोखरे की सफाई के दौरान गहरे पानी में डूबा युवक, तलाश में जुटी NDRF की टीम
सिकंदरपुर (बलिया)। खेजुरी थाना क्षेत्र के खेजुरी गांव में मंगलवार को नाथ बाबा के पोखरे की सफाई के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। पोखरे में सफाई करने उतरा 40 वर्षीय युवक गहरे पानी में डूबकर लापता हो गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई। काफी प्रयास के बाद भी युवक का पता नहीं चलने पर जिला मुख्यालय से एनडीआरएफ की टीम बुलाई गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम प्रधान श्रीकांत राजभर ने नाथ बाबा के पोखरे की सफाई के लिए पांच युवकों को पानी में उतारा था। सफाई के दौरान महेश राजभर (40 वर्ष), पुत्र अलगू राजभर अचानक गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते डूबकर लापता हो गए। साथ में काम कर रहे अन्य युवकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण पोखरे के पास जुट गए। खेजुरी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई। काफी देर तक खोजबीन के बावजूद महेश का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया।
मौके पर पहुंची एनडीआरएफ की टीम ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया। पोखरे में नाव की मदद से खोजबीन की जा रही है। साथ ही जाल डालकर भी युवक को तलाशने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस और बचाव दल लगातार अभियान में जुटे हुए हैं।
इस घटना के बाद महेश राजभर के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजन अनहोनी की आशंका से परेशान हैं, जबकि ग्रामीण भी पोखरे के आसपास जुटकर बचाव अभियान की जानकारी ले रहे हैं।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार दुबे ने बताया कि ग्राम प्रधान की ओर से पोखरे की सफाई के लिए पांच लोगों को पानी में उतारा गया था। इसी दौरान एक युवक गहरे पानी में डूबकर लापता हो गया। पुलिस और एनडीआरएफ की टीम उसकी तलाश में जुटी हुई है। खबर लिखे जाने तक युवक का पता नहीं चल सका था।
❤️ Support Independent Journalism
बड़े मीडिया संस्थान अपने ख़र्चों के लिए विज्ञापनों और बड़े बजट पर निर्भर रहते हैं। लेकिन Ballia Post एक ग्राउंड-लेवल प्लेटफ़ॉर्म है — जहाँ हम स्थानीय खबरें बिना किसी पक्षपात के पहुँचाने में विश्वास रखते हैं। आपका छोटा सहयोग हमें स्वतंत्र और निष्पक्ष बने रहने की ताकत देता है।
UPI ID: 9839715373@okbizaxis
आपका प्रत्येक सहयोग हमें और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।
