आर.एस.एस. गुरुकुल अकादमी में विदाई समारोह, भावुक हुए छात्र और शिक्षक
सिकन्दरपुर, बलिया। कठघरा बंशी बाजार स्थित शिक्षा के क्षेत्र में अग्रसर आर.एस.एस. गुरुकुल सीनियर सेकेंडरी अकादमी में बुधवार को कक्षा 12वीं के छात्र-छात्राओं का विदाई समारोह विद्यालय परिसर में हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की वंदना से हुई, जिसके बाद स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। तत्पश्चात कक्षा 12वीं के छात्र-छात्राओं ने मंच से अपने अनुभव साझा किए। विद्यार्थियों ने विद्यालय से जुड़े अपने संस्मरण, शिक्षकों के मार्गदर्शन और जीवन के भावनात्मक पलों को साझा किया, जिससे पूरा वातावरण भावुक हो गया।
इस दौरान कई छात्र-छात्राओं की आंखें नम हो गईं, वहीं विद्यार्थियों को विदा करते समय शिक्षकों की आंखें भी छलक उठीं। इसके बाद विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नृत्य ने कार्यक्रम में उत्साह और ऊर्जा भर दी।
नृत्य प्रस्तुति के पश्चात कक्षा 11वीं के छात्र-छात्राओं द्वारा पर्ची वाला मटका गेम आयोजित किया गया, जिसमें कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
शिक्षकों के संबोधन के पश्चात विद्यालय के प्रबंध निदेशक जय प्रताप सिंह (गुड्डू) ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा देने का स्थान नहीं होता, बल्कि यह विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण की पहली सीढ़ी होता है। उन्होंने विश्वास जताया कि यहां से मिले संस्कार और शिक्षा के बल पर विद्यार्थी जीवन में सफलता हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।
विद्यालय की निर्देशिका निशु सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों ने जिस अनुशासन, मेहनत और समर्पण के साथ अध्ययन किया है, वही उनकी भविष्य की सफलता का आधार बनेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे जीवन में आगे बढ़ते समय विद्यालय और शिक्षकों से मिली सीख को सदैव याद रखें।
कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं को स्मृति चिन्ह भेंट कर भावभीनी विदाई दी गई। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के अध्यापक विजेंद्र पांडेय द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी अध्यापकगण उपस्थित रहे। पूरा आयोजन भावनाओं, उल्लास और यादगार पलों के साथ संपन्न हुआ।
❤️ Support Independent Journalism
बड़े मीडिया संस्थान अपने ख़र्चों के लिए विज्ञापनों और बड़े बजट पर निर्भर रहते हैं। लेकिन Ballia Post एक ग्राउंड-लेवल प्लेटफ़ॉर्म है — जहाँ हम स्थानीय खबरें बिना किसी पक्षपात के पहुँचाने में विश्वास रखते हैं। आपका छोटा सहयोग हमें स्वतंत्र और निष्पक्ष बने रहने की ताकत देता है।
UPI ID: 9839715373@okbizaxis
आपका प्रत्येक सहयोग हमें और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।
