अतिक्रमण हटाने गई टीम पर हमला, 7 गिरफ्तार
सिकन्दरपुर (बलिया)। थाना खेजुरी क्षेत्र के ग्राम हथौज में तालाब की भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने गई राजस्व एवं पुलिस टीम पर हमला करने के मामले में पुलिस ने 7 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई माननीय उच्च न्यायालय, इलाहाबाद के आदेश के अनुपालन में की जा रही थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उच्च न्यायालय में योजित वाद संख्या 246/2024 एवं अवमानना वाद संख्या 6483/2025 के क्रम में तहसील सिकंदरपुर के ग्राम हथौज स्थित तालाब की भूमि से अवैध कब्जा हटाने हेतु उपजिलाधिकारी द्वारा राजस्व व पुलिस टीम गठित की गई थी। टीम दिनांक 3 फरवरी को मौके पर पहुँची और शालीनतापूर्वक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की।
इसी दौरान अतिक्रमणकारी पक्ष एवं उनके परिजनों ने जेसीबी मशीन के सामने आकर कार्रवाई में अवरोध उत्पन्न किया। आरोप है कि कुछ लोगों के उकसावे पर बड़ी संख्या में ग्रामीण पुरुष, महिलाएं व युवक लाठी-डंडा, फावड़ा, कुदाल और ईंट-पत्थर लेकर राजस्व एवं पुलिस टीम पर हमला कर बैठे। हमले में कई पुलिसकर्मी और राजस्व कर्मचारी घायल हो गए।
घटना के संबंध में क्षेत्रीय लेखपाल की तहरीर पर थाना खेजुरी में विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मौके पर बनाए गए वीडियो फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सात अभियुक्तों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में ग्राम हथौज और बहेरी निवासी पुरुष एवं महिलाएं शामिल हैं। सभी अभियुक्तों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि न्यायालय के आदेशों के पालन में किसी भी प्रकार का व्यवधान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
❤️ Support Independent Journalism
बड़े मीडिया संस्थान अपने ख़र्चों के लिए विज्ञापनों और बड़े बजट पर निर्भर रहते हैं। लेकिन Ballia Post एक ग्राउंड-लेवल प्लेटफ़ॉर्म है — जहाँ हम स्थानीय खबरें बिना किसी पक्षपात के पहुँचाने में विश्वास रखते हैं। आपका छोटा सहयोग हमें स्वतंत्र और निष्पक्ष बने रहने की ताकत देता है।
UPI ID: 9839715373@okbizaxis
आपका प्रत्येक सहयोग हमें और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।
