ट्राई साइकिल और हेलमेट पाकर ज्योति के चेहरे पर दिखी खुशी
दिव्यांग ज्योति के घर पहुंचे डीएम, नौवीं में दाखिले के दिए निर्देश
ट्राई साइकिल और हेलमेट पाकर ज्योति के चेहरे पर दिखी खुशी, प्रभात की मदद के भी दिए निर्देश
सिकंदरपुर (बलिया)। ग्राम सभा लखनापार के महुलानपार निवासी गुलाब चंद राम की दोनों पैरों से दिव्यांग बेटी ज्योति के घर रविवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह समेत जिले के आला अधिकारियों का दल पहुंचा। जिलाधिकारी के गांव पहुंचते ही प्रशासनिक अमला सक्रिय नजर आया। अधिकारियों ने ज्योति और उसके परिजनों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
जिलाधिकारी ने ज्योति की शिक्षा को लेकर विशेष संवेदनशीलता दिखाई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ज्योति का कक्षा नौ में राष्ट्रीय इंटर कॉलेज, साण्डवापुर में दाखिला कराने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि दिव्यांगता किसी भी बच्चे की शिक्षा में बाधा नहीं बननी चाहिए। प्रशासन की ओर से ज्योति को ट्राई साइकिल के साथ हेलमेट भी उपलब्ध कराया गया, जिससे वह आवागमन में सुविधा के साथ सुरक्षित रह सके।
ज्योति के घर पहुंचकर अधिकारियों ने उसके परिवार की आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति की भी जानकारी ली। प्रशासनिक अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि पात्रता के अनुसार उसे शासन की दिव्यांगजन कल्याण योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा। जिलाधिकारी की इस पहल से परिवार के साथ ही ग्रामीणों में भी उम्मीद जगी है।
इसी दौरान महुलानपार में ही ग्राम सभा कोथ निवासी 12 वर्षीय प्रभात कुमार गुप्ता पुत्र अमित कुमार गुप्ता की समस्या भी जिलाधिकारी के समक्ष रखी गई। बताया गया कि पैरों से असमर्थ होने के कारण प्रभात विद्यालय नहीं जा पा रहा है और वह वर्तमान में कक्षा पांच का छात्र है। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने जिला दिव्यांगजन अधिकारी पारसनाथ यादव को कोथ गांव जाकर प्रभात की स्थिति का जायजा लेने तथा आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों के अनुसार प्रभात की शिक्षा बाधित न हो, इसके लिए निःशुल्क आवश्यक व्यवस्था और आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी के गांव पहुंचने की सूचना पर सफाईकर्मी भी सुबह से ही गांव में पहुंच गए और सफाई व्यवस्था में जुट गए। ग्रामीणों का कहना था कि प्रशासन की इस पहल से दिव्यांग बच्चों की शिक्षा और सुविधाओं को लेकर सकारात्मक संदेश गया है।
इस अवसर पर एसडीएम प्रवीण यादव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभय नारायण राय, तहसीलदार अमित सिंह, नायब तहसीलदार दुर्गेश गोड़, जिला दिव्यांगजन अधिकारी पारसनाथ यादव, बीडीओ पंदह प्रकाश प्रसाद, एडीओ पंचायत प्रदीप वर्मा, खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार चौबे, कोतवाल सिकंदरपुर सुशील कुमार दुबे तथा ग्राम प्रधान प्रतिनिधि पप्पू यादव मौजूद रहे। अभिराम, अमरनाथ, निरंजन राम, हरिशंकर प्रसाद, परशुराम, दीनानाथ समेत सैकड़ों ग्रामीणों ने प्रशासन की पहल की सराहना की।
❤️ Support Independent Journalism
बड़े मीडिया संस्थान अपने ख़र्चों के लिए विज्ञापनों और बड़े बजट पर निर्भर रहते हैं। लेकिन Ballia Post एक ग्राउंड-लेवल प्लेटफ़ॉर्म है — जहाँ हम स्थानीय खबरें बिना किसी पक्षपात के पहुँचाने में विश्वास रखते हैं। आपका छोटा सहयोग हमें स्वतंत्र और निष्पक्ष बने रहने की ताकत देता है।
UPI ID: 9839715373@okbizaxis
आपका प्रत्येक सहयोग हमें और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।
