सिवानकला में महाराजा सुहेलदेव जयंती पर भव्य आयोजन
कैबिनेट मंत्री दानिश आज़ाद अंसारी मुख्य अतिथि, संजय यादव रहे विशिष्ट अतिथि
सिकन्दरपुर (बलिया)। विधानसभा सिकंदरपुर अंतर्गत ग्रामसभा सिवानकला में महान योद्धा महाराजा सुहेलदेव की जयंती के पावन अवसर पर शनिवार को भव्य और ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा नेता सत्येंद्र राजभर की ओर से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों, कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता रही। आयोजन स्थल पर महाराजा सुहेलदेव के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री दानिश आज़ाद अंसारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि सिकंदरपुर के पूर्व विधायक एवं भाजपा बलिया के पूर्व जिलाध्यक्ष संजय यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों का ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं द्वारा माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया गया।
मुख्य अतिथि दानिश आज़ाद अंसारी ने अपने संबोधन में कहा कि महाराजा सुहेलदेव भारतीय इतिहास के ऐसे महान योद्धा थे, जिन्होंने विदेशी आक्रांताओं के विरुद्ध अदम्य साहस और पराक्रम का परिचय दिया। उनका जीवन त्याग, बलिदान और राष्ट्रभक्ति की अमर गाथा है। उन्होंने कहा कि महाराजा सुहेलदेव ने समाज को एकजुट कर राष्ट्र की रक्षा की, जिससे आज की पीढ़ी को भी एकता और समरसता का संदेश मिलता है।
विशिष्ट अतिथि संजय यादव ने कहा कि महाराजा सुहेलदेव केवल एक योद्धा ही नहीं, बल्कि सामाजिक स्वाभिमान और न्याय के प्रतीक भी थे। उनके संघर्ष से यह सीख मिलती है कि अन्याय और अत्याचार के खिलाफ एकजुट होकर खड़ा होना ही सच्ची राष्ट्रभक्ति है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे महाराजा सुहेलदेव के आदर्शों को अपनाकर समाज और देश के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने महाराजा सुहेलदेव के जीवन, संघर्ष और ऐतिहासिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भी उनके शौर्य और वीरता को याद किया गया। कार्यक्रम स्थल पर जय महाराजा सुहेलदेव के नारों से वातावरण गूंजता रहा।कार्यक्रम में मुख्य रूप से अरविंद कुमार राय, अनिल पांडेय, बृजेश सिंह, संतोष यादव, पंचानंद सिंह, नितेश सिंह, मंटू, विक्की सिंह, कविल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान सामाजिक सरोकार निभाते हुए गरीब एवं असहाय लोगों के बीच कंबल का वितरण भी किया गया, जिसकी उपस्थित जनसमूह ने सराहना की। कार्यक्रम का समापन महाराजा सुहेलदेव अमर रहें के जयघोष और राष्ट्र निर्माण में उनके आदर्शों को अपनाने के संकल्प के साथ हुआ।
❤️ Support Independent Journalism
बड़े मीडिया संस्थान अपने ख़र्चों के लिए विज्ञापनों और बड़े बजट पर निर्भर रहते हैं। लेकिन Ballia Post एक ग्राउंड-लेवल प्लेटफ़ॉर्म है — जहाँ हम स्थानीय खबरें बिना किसी पक्षपात के पहुँचाने में विश्वास रखते हैं। आपका छोटा सहयोग हमें स्वतंत्र और निष्पक्ष बने रहने की ताकत देता है।
UPI ID: 9839715373@okbizaxis
आपका प्रत्येक सहयोग हमें और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।
