अगलगी पीड़ित विक्रम राजभर के परिवार को अखिलेश यादव ने भेजी 50 हजार की आर्थिक मदद
सलेमपुर सांसद रमाशंकर राजभर ने छपिया गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार को सौंपा चेक
बलिया। बेल्थरारोड विधानसभा क्षेत्र के हल्दीरामपुर स्थित छपिया गांव में विगत माह हुई भीषण अगलगी की घटना से प्रभावित परिवार की मदद के लिए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आगे आए हैं। उनके निर्देश पर गुरुवार को सलेमपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद रमाशंकर राजभर विद्यार्थी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें ₹50,000 की आर्थिक सहायता राशि का चेक सौंपा।
आशियाना जलकर हो गया था राख
बता दें कि पिछले महीने छपिया गांव निवासी विक्रम राजभर के घर में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई थी। इस हादसे में उनका पूरा आशियाना और घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया था, जिससे परिवार के सामने गहरा संकट खड़ा हो गया था। मामले की जानकारी जब सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव को हुई, तो उन्होंने मानवीय संवेदना प्रकट करते हुए तत्काल पीड़ित परिवार के लिए ₹50 हजार की सहायता राशि स्वीकृत की।
सुख-दुख में खड़ी है समाजवादी पार्टी: सांसद
गुरुवार को गांव पहुंचे सांसद रमाशंकर राजभर विद्यार्थी ने पीड़ित विक्रम राजभर, उनकी पुत्री प्रियंका राजभर व अन्य परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। चेक सौंपते हुए सांसद ने कहा कि समाजवादी पार्टी सदैव गरीबों, वंचितों और जरूरतमंदों के सुख-दुख में सहभागी रही है और आगे भी पीड़ित परिवार की हरसंभव मदद की जाएगी।
आपदा प्रभावितों की मदद को तत्पर रहते हैं राष्ट्रीय अध्यक्ष: जितेश कुमार वर्मा
इस मौके पर सांसद के मीडिया प्रभारी जितेश कुमार वर्मा (एडवोकेट) ने कहा कि, "राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जी हमेशा गरीब, असहाय और आपदा प्रभावितों की मदद के लिए तत्पर रहते हैं। छपिया गांव के पीड़ित परिवार को मिली यह सहायता सपा की संवेदनशीलता और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। सांसद रमाशंकर राजभर विद्यार्थी जी भी लगातार क्षेत्र की जनता की समस्याओं के समाधान हेतु जमीन पर कार्य कर रहे हैं।"
पीड़ित परिवार ने जताया आभार
कठिन समय में आर्थिक मदद मिलने पर पीड़ित विक्रम राजभर और उनके परिजनों ने सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव व सांसद रमाशंकर राजभर के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस संकट की घड़ी में यह सहायता उनके लिए बहुत बड़ी राहत है।
इस दौरान बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे, जिन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया।
❤️ Support Independent Journalism
बड़े मीडिया संस्थान अपने ख़र्चों के लिए विज्ञापनों और बड़े बजट पर निर्भर रहते हैं। लेकिन Ballia Post एक ग्राउंड-लेवल प्लेटफ़ॉर्म है — जहाँ हम स्थानीय खबरें बिना किसी पक्षपात के पहुँचाने में विश्वास रखते हैं। आपका छोटा सहयोग हमें स्वतंत्र और निष्पक्ष बने रहने की ताकत देता है।
UPI ID: 9839715373@okbizaxis
आपका प्रत्येक सहयोग हमें और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।
