बरात से लौट रहे किशोर की पीट-पीटकर हत्या, पांच नामजद
बलिया। फेफना थाना क्षेत्र में बरात से लौट रहे लोगों पर हुए हमले में गंभीर रूप से घायल किशोर की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने पांच आरोपितों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, फेफना क्षेत्र के छोटकी नरही गांव निवासी मुन्ना राम के पुत्र की बरात बुधवार को तिवारीपुर (पंडितपुरा) गांव गई थी। विवाह समारोह के दौरान किसी बात को लेकर बरातियों और स्थानीय युवकों के बीच कहासुनी हो गई थी। सूचना पर पहुंची डायल-112 पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया, जिसके बाद विवाह की रस्में संपन्न हुईं।
आरोप है कि विवाद से नाराज कुछ युवकों ने देर रात बरात लौटते समय राइस मिल के पास घात लगाकर हमला कर दिया। लाठी-डंडों से किए गए हमले में बरातियों में भगदड़ मच गई और कई लोग घायल हो गए। घायलों में रुपवार गांव निवासी हरिकेवल (37), भरत लाल (28), राकेश कुमार (30), नीतीश कुमार (17) तथा आदर्श कुमार (16) पुत्र सुनील कुमार शामिल हैं।
सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रसड़ा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल आदर्श कुमार को रेफर कर दिया गया। परिजन उसे मऊ के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता की तहरीर पर गोलू, शत्रुघ्न, मनीष, अजय और अमरेंद्र निवासी तिवारीपुर के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है।
फेफना थानाध्यक्ष अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
❤️ Support Independent Journalism
बड़े मीडिया संस्थान अपने ख़र्चों के लिए विज्ञापनों और बड़े बजट पर निर्भर रहते हैं। लेकिन Ballia Post एक ग्राउंड-लेवल प्लेटफ़ॉर्म है — जहाँ हम स्थानीय खबरें बिना किसी पक्षपात के पहुँचाने में विश्वास रखते हैं। आपका छोटा सहयोग हमें स्वतंत्र और निष्पक्ष बने रहने की ताकत देता है।
UPI ID: 9839715373@okbizaxis
आपका प्रत्येक सहयोग हमें और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।
