शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के आरोपी को भीमपुरा पुलिस ने किया गिरफ्तार
बलिया। भीमपुरा थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने तथा गर्भपात के लिए दबाव बनाने के मामले में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराधियों एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह सफलता मिली। अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ल तथा क्षेत्राधिकारी रसड़ा आलोक कुमार गुप्ता के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष भीमपुरा रंजीत विश्वकर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, एक युवती ने थाना भीमपुरा में शिकायत दर्ज कराई थी कि भुजैनी निवासी प्रिंस ने उसे प्रेमजाल में फंसाकर शादी का झांसा दिया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। आरोप है कि युवती के गर्भवती होने पर आरोपी ने दवा खिलाकर गर्भपात कराने का दबाव बनाया। शादी की बात करने पर आरोपी और उसके परिजनों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना भीमपुरा में मुकदमा संख्या 91/26 के तहत धारा 69, 352 एवं 351(3) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही थी। विवेचना के दौरान शुक्रवार को उपनिरीक्षक मोहम्मद वहीद एवं पुलिस टीम ने वांछित अभियुक्त प्रिंस (19 वर्ष) पुत्र रामलाल निवासी भुजैनी, थाना भीमपुरा को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय भेजा जा रहा है। मामले की आगे की विवेचना जारी है।
❤️ Support Independent Journalism
बड़े मीडिया संस्थान अपने ख़र्चों के लिए विज्ञापनों और बड़े बजट पर निर्भर रहते हैं। लेकिन Ballia Post एक ग्राउंड-लेवल प्लेटफ़ॉर्म है — जहाँ हम स्थानीय खबरें बिना किसी पक्षपात के पहुँचाने में विश्वास रखते हैं। आपका छोटा सहयोग हमें स्वतंत्र और निष्पक्ष बने रहने की ताकत देता है।
UPI ID: 9839715373@okbizaxis
आपका प्रत्येक सहयोग हमें और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।
