खरीद–दरौली पर घाघरा नदी पुल निर्माण को हरी झंडी, पिलरों की संख्या बढ़ाने को स्वीकृति
सिकंदरपुर, बलियाः क्षेत्र के खरीद दरौली के मध्य घाघरा नदी पर प्रस्तावित पक्के पुल के निर्माण को लेकर नई उम्मीद जगी है। शासन स्तर पर पुल के पिलरों की संख्या बढ़ाने की मांग को स्वीकृति मिल गई है। यह पुल सिकंदरपुर तहसील के खरीद को बिहार के सिवान जनपद के दरौली ब्लॉक से जोड़ेगा।
वर्ष 2016 में स्वीकृत यह बहुप्रतीक्षित परियोजना अब तक पूरी नहीं हो पाई है। इसके कारण उत्तर प्रदेश और बिहार के सीमावर्ती इलाकों के लोगों को रोजमर्रा के जीवन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वर्तमान में घाघरा नदी पार करने के लिए पीपे का पुल, नाव और स्टीमर ही एकमात्र सहारा हैं।बरसात के मौसम में नदी में बाढ़ आने पर ये सभी साधन ठप हो जाते हैं। ऐसी स्थिति में लोगों को 70 से 80 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। प्रतिदिन हजारों लोग रोजगार, व्यापार, शिक्षा और इलाज के लिए दोनों प्रदेशों के बीच आवाजाही करते हैं, जिन्हें लंबे और असुरक्षित मार्ग से गुजरना पड़ता है।
इस पुल से उत्तर प्रदेश की ओर सिसोटार, खरीद, चकमिरान, लिल्दापुर, किसुनपुरा, सरकंडा और धरतपुरा सहित लगभग तीन लाख की आबादी सीधे लाभान्वित होगी। वहीं, बिहार की ओर नरौली, दरौली, करमहा, खरदरा, पटेहरा, नरायनपुर, गोपालपुर, हथौरी और बंधई जैसे क्षेत्रों के लोगों को भी बड़ी राहत मिलेगी। पुल के बन जाने से एसएच-1बी का सीधा संपर्क सिवान जनपद के दरौली और सिकंदरपुर तहसील से स्थापित हो जाएगा।
क्षेत्रीय विधायक मोहम्मद ज़ियाउद्दीन रिज़वी ने बताया कि घाघरा नदी में बाढ़ की तीव्रता और जलस्तर को देखते हुए पुल की मजबूती के लिए पिलरों की संख्या बढ़ाने की मांग की गई थी। उन्होंने कहा कि अब इस मांग को स्वीकृति मिल जाने से निर्माण कार्य में गति आने की उम्मीद है।
विधायक रिज़वी ने जोर देकर कहा कि यह पक्का पुल क्षेत्र के विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। इसके पूरा होने से दोनों प्रदेशों के बीच संपर्क और अधिक सुदृढ़ होगा, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल न बनने से वर्षों से उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन अब पिलरों की संख्या बढ़ाने की स्वीकृति मिलने से फिर से भरोसा जगा है। लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही यह पक्का पुल बनकर तैयार होगा और क्षेत्र के सामाजिक, आर्थिक और व्यापारिक विकास को नई दिशा देगा।
❤️ Support Independent Journalism
बड़े मीडिया संस्थान अपने ख़र्चों के लिए विज्ञापनों और बड़े बजट पर निर्भर रहते हैं। लेकिन Ballia Post एक ग्राउंड-लेवल प्लेटफ़ॉर्म है — जहाँ हम स्थानीय खबरें बिना किसी पक्षपात के पहुँचाने में विश्वास रखते हैं। आपका छोटा सहयोग हमें स्वतंत्र और निष्पक्ष बने रहने की ताकत देता है।
UPI ID: 9839715373@okbizaxis
आपका प्रत्येक सहयोग हमें और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।
