राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार हेतु बलिया में प्रचार वाहन को दिखाई गई हरी झंडी
बलिया। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया के तत्वावधान में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 14 मार्च 2026 (द्वितीय शनिवार) को किया जाएगा। इस लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनसहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज 13 मार्च 2026 को जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बलिया श्री अनिल कुमार झा द्वारा प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह प्रचार अभियान दीवानी न्यायालय परिसर बलिया से प्रारम्भ हुआ। कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री संजय कुमार गोंड द्वारा किया गया। प्रचार वाहन जिले के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर भ्रमण कर जन-जन को राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व और उपयोगिता के बारे में जागरूक करेगा।
इस दौरान आमजन को बताया जाएगा कि वे अपने विभिन्न प्रकार के मामलों—जैसे जुर्माने से दण्डनीय प्रकरण, पारिवारिक विवाद, भूमि संबंधी विवाद, बिजली बिल, टेलीफोन बिल, कर से जुड़े मामले, चेक बाउंस के मामले तथा सुलह योग्य फौजदारी प्रकरण—राष्ट्रीय लोक अदालत में प्रस्तुत कर उनका त्वरित एवं प्रभावी समाधान प्राप्त कर सकते हैं। राष्ट्रीय लोक अदालत में निस्तारित मामलों में किसी प्रकार की अपील नहीं होती है तथा इसमें कम खर्च में शीघ्र न्याय मिलता है। यहां होने वाला समझौता न्यायालय के निर्णय के समान प्रभावी होता है। इसलिए आमजन अपने मामलों को राष्ट्रीय लोक अदालत में लगाकर सस्ता, सुलभ एवं त्वरित न्याय प्राप्त कर सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान समस्त न्यायिक अधिकारीगण, अधिवक्तागण, कर्मचारीगण, सुरक्षाकर्मी, 19 पैरालीगल वॉलेंटियर्स, वादकारीगण तथा अन्य लोग उपस्थित रहे। जनपद बलिया के समस्त नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने मामलों के त्वरित निस्तारण हेतु सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दीवानी न्यायालय परिसर बलिया से संपर्क कर सकते हैं।
❤️ Support Independent Journalism
बड़े मीडिया संस्थान अपने ख़र्चों के लिए विज्ञापनों और बड़े बजट पर निर्भर रहते हैं। लेकिन Ballia Post एक ग्राउंड-लेवल प्लेटफ़ॉर्म है — जहाँ हम स्थानीय खबरें बिना किसी पक्षपात के पहुँचाने में विश्वास रखते हैं। आपका छोटा सहयोग हमें स्वतंत्र और निष्पक्ष बने रहने की ताकत देता है।
UPI ID: 9839715373@okbizaxis
आपका प्रत्येक सहयोग हमें और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।
